द फॉलोअप डेस्क
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर बड़ा आर्थिक प्रहार करते हुए 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। इसके साथ ही भारत द्वारा रूस से सैन्य उपकरण और ऊर्जा (तेल और गैस) खरीदने को लेकर अतिरिक्त जुर्माना भी लगाया जाएगा। यह नया टैरिफ 1 अगस्त से प्रभावी होगा। ट्रंप ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा, "भारत हमारा मित्र है, लेकिन उसने वर्षों से व्यापार में हमें उचित मौका नहीं दिया है। भारत के टैरिफ दुनिया में सबसे ऊंचे हैं, और गैर-राजस्व बाधाएं (Non-monetary trade barriers) भी काफी जटिल और परेशान करने वाली हैं।"
उन्होंने भारत और चीन पर यह आरोप भी लगाया कि वे रूस से बड़ी मात्रा में सैन्य उपकरण और ऊर्जा खरीद रहे हैं, जब पूरी दुनिया चाहती है कि रूस यूक्रेन में युद्ध बंद करे।

ट्रंप ने कहा, "भारत हमेशा से रूस से सैन्य उपकरण खरीदता आया है और वह रूस का ऊर्जा के मामले में सबसे बड़ा ग्राहक है, चीन के साथ मिलकर। ऐसे समय में जब पूरी दुनिया चाहती है कि रूस यूक्रेन में 'हत्या' बंद करे, भारत का यह रवैया सही नहीं है। इसलिए, भारत को 25% टैरिफ देना होगा, साथ ही उपरोक्त कारणों पर जुर्माना भी लगेगा। यह एक अगस्त से लागू होगा।" हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि जुर्माने की राशि क्या होगी और इसे कैसे लागू किया जाएगा।
यह ऐलान ऐसे समय पर आया है जब अमेरिका और भारत के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) पर बातचीत चल रही है। ट्रंप पहले भी यह संकेत दे चुके हैं कि अगर 1 अगस्त तक व्यापार समझौता नहीं हुआ, तो भारत जैसे देशों पर भारी टैरिफ लगाया जाएगा।

वहीं, अमेरिकी वार्ताकारों की एक टीम अगस्त के दूसरे सप्ताह में नई दिल्ली का दौरा करने वाली है ताकि व्यापार वार्ता के अगले दौर को आगे बढ़ाया जा सके। इससे पहले जुलाई में वॉशिंगटन में पांचवें दौर की बातचीत हो चुकी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप का यह कदम दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों में नया तनाव पैदा कर सकता है, खासकर ऐसे समय में जब भारत वैश्विक ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए वैकल्पिक स्रोतों की तलाश कर रहा है।
